शामली जनपद में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब गांव हरड़ फतेहपुर के निकट चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। कार में सवार निजी स्कूल के अकाउंटेंट महेंद्र कपूर ने समय रहते खिड़की खोलकर कूदकर जान बचाई, हालांकि वे मामूली रूप से झुलस गए। महेंद्र कपूर गाजियाबाद के रहने वाले हैं और थानाभवन कस्बे के एक निजी स्कूल में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को वे अपनी कार से गाजियाबाद लौट रहे थे। गांव हरड़ फतेहपुर के पास उनकी कार का टायर पंक्चर हो गया। उन्होंने कार को वापस मोड़कर बजाज शुगर मिल के पास स्थित एक दुकान पर पंक्चर ठीक कराने के लिए ले जाना चाहा। इसी दौरान, कार में अचानक आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। महेंद्र कपूर को जैसे ही जलती हुई बदबू आई और कार की बॉडी गर्म होने लगी, उन्होंने तुरंत निर्णय लिया और कार की खिड़की खोलकर छलांग लगा दी। इस दौरान वे मामूली रूप से झुलस गए, जिन्हें पास के सीएचसी में भर्ती कराया गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।