दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के भदेसरा निवासी गैंगस्टर नवीन सिंह उर्फ रिंकू, उसकी पत्नी और मां के नाम दर्ज 6.80 करोड़ रुपये की जमीन पुलिस ने शुक्रवार को कुर्क कर दी। आरोप है कि भदेसरा निवासी नवीन सिंह उर्फ रिंकू, प्रवीण सिंह और विपिन सिंह ने धोखे से दूसरे के नाम पर नगर पालिका परिषद मऊ में टेंडर लिया, सिक्योरिटी मनी में धोखाधड़ी की। इसके साथ ही कई लोगों के साथ मारपीट की है। एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि नवीन सिंह व उसके गिरोह में शामिल दो भाइयों द्वारा संगठित एवं समाज विरोधी अपराध कर अवैध रूप से धन अर्जित किया गया। विवेचना के दौरान यह पाया गया कि नवीन की पत्नी प्रियंका सिंह के नाम से भदेसरा मौजा में गाटा संख्या 43 का रकबा 0.17622 हेक्टेयर, उसकी मां माया रानी सिंह के नाम गाटा संख्या 43 रकबा 0.13220 हेक्टेयर भूमि और गाटा संख्या 43 रकबा 0.13216 हेक्टेयर भूमि दर्ज है। पूरी संपत्ति की बाजार में कीमत 6 करोड़ 80 लाख 32 हजार रुपये है। तथ्यों के आधार पर पुलिस रिपोर्ट जिला मजिस्ट्रेट को भेजी गई थी। उपलब्ध साक्ष्यों व अभिलेखों का परीक्षण करने के जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा इन संपत्तियों को कुर्क किये जाने का आदेश दिया गया।