मैनपुरी में आंगनबाड़ी संयुक्त मोर्चा उत्तर प्रदेश के आह्वान पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन ने जिला मुख्यालय पर वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट से पहले वर्षों से लंबित मांगों के लिए प्रदर्शन कर ज्ञापन दिया। उन्होंने तिकोनिया पार्क से पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी के नाम 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा और उसे जल्द पूर्ण करने की मांग की। संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला अध्यक्ष सरिता सकते ने बताया कि पिछले 10 वर्ष से भी अधिक समय से केंद्र और प्रदेश की सरकार ने आंगनबाड़ी कर्मचारी के नियमित मानदेय में वृद्धि नहीं की है। आंगनबाड़ी कर्मचारी की आर्थिक स्थिति बदहाल है और उनके भूखे मरने की नौबत है। इसके साथ ही उनके ऊपर काम का बोझ कई गुना बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि कोरोना के समय 62 वर्ष की आयु में कर्मचारियों का बिना किसी लाभ के रिटायरमेंट कर दिया गया, उन्हें पेंशन अथवा एक मुश्त धनराशि मिलनी चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी कर्मचारी को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की तरह वेतनमान दिए जाने की मांग की। वहीं, उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार अगर उनकी मांग नहीं मानती तो 8 मार्च को पूरे प्रदेश की आंगनबाड़ी लखनऊ में जाकर प्रदर्शन करेंगी। इस दौरान शशि किरण, सुषमा कश्यप, ममता भदोरिया, रिहाना बेगम, अलका यादव, हेमलता ठाकुर मौजूद रहीं।