महोबा जिले में खाद को लेकर मारामारी मची है। गुरुवार की सुबह पांच बजे खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने कानपुर-सागर हाईवे पर श्रीनगर के पास जाम लगा दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाकर शांत कराया। डेढ़ घंटे बाद जाम खुल सका तब आवागमन बहाल हुआ। जिले में एक पखवाड़े से किसान खाद के लिए समितियों के चक्कर काट रहे हैं। किसी को एक बोरी को किसी को दो बारी खाद ही नसीब हो सकी है। पर्याप्त खाद न मिलने से किसानों के खेतों की बुआई नहीं हो पा रही है। दो दिन पहले किसानों ने हाईवे पर जाम लगाया था, तब एक-एक बोरी खाद मिली थी। शीघ्र ही अधिकारियों ने और खाद भेजे जाने का भरोसा दिया था।