लखीमपुर खीरी के मितौली में सेनपुर गांव की रहने वाली पांच महिलाओं ने बुधवार को एसडीएम कोर्ट के आदेश के खिलाफ तहसील में आत्मदाह का प्रयास किया। इससे तहसील में अफरातफरी मच गई। एसडीएम, सीओ तथा पुलिस ने महिलाओं से डीजल भरा डिब्बा व माचिस छीन कर मामले को शांत कराया। बुधवार को तहसील मितौली में एसडीएम कोर्ट के सामने सेनपुर गांव की रहने वाली संगीता, सुनीता देवी, शांति देवी, ज्ञानवती और सुशीला दो डिब्बा डीजल व माचिस लेकर बैठ गईं। उनका कहना था कि उनकी जमीन कस्ता ममरी मार्ग पर सेनपुर के पास है। इसमें करीब 13 खाते हैं। इसमें चार खातेदार को सड़क की तरफ जमीन दे दी गई है, जबकि सभी खातेदारों को सड़क की साइड में जमीन मिलनी चाहिए। अब उस जमीन पर धारा 80 घोषित कर दी गई, जो गलत है। एसडीएम रेनू मिश्रा, सीओ जितेंद्र सिंह परिहार, एसएचओ शिवाजी दुबे मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन महिलाओं से डीजल भरे डिब्बे व माचिस छीनकर मामले को शांत कराया। एसडीएम मितौली रेनू मिश्रा ने बताया कि उन्होंने नियमानुसार विधि पूर्वक आदेश जारी किया है। अगर फैसले से कोई पक्ष असंतुष्ट है तो वह सिविल कोर्ट में मामले को ले जा सकता है।