कासगंज के सिढ़पुरा में पटियाली रोड स्थित एक दुकान में शनिवार की रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दुकान में संचालित भारतीय स्टेट बैंक की मिनी शाखा और जनरल स्टोर का करीब 8.50 लाख रुपये का सामान जल गया। सूचना पर पहुंचे दुकान स्वामी और पड़ोसियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पटियाली रोड निवासी अमित कुमार की ओम साईं इलेक्ट्रिकल्स एंड जनरल स्टोर के नाम से दुकान है, जिसमें वह एसबीआई का ग्राहक सेवा केंद्र (मिनी बैंक) भी संचालित करते हैं। रविवार सुबह करीब पांच बजे जब पड़ोसी दुकानदार सुनील अपनी कचौड़ी की ठेल लगाने पहुंचे, तो उन्होंने दुकान के भीतर से धुएं का गुबार निकलते देखा। अनहोनी की आशंका पर उन्होंने शटर के पास जाकर देखा तो अंदर आग की लपटें उठ रही थीं। सुनील ने तत्काल इसकी जानकारी नितिन कुमार को दी, जिन्होंने फोन कर दुकान स्वामी अमित को मौके पर बुलाया। दुकान का शटर खोलते ही आग की लपटें बाहर आने लगीं। स्थानीय लोगों और पड़ोसियों ने आनन-फानन में पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा काउंटर, नोट गिनने की मशीन, लैपटॉप, प्रिंटर, वाई-फाई और जीपी डिवाइस पूरी तरह जल चुके थे। इसके अलावा जनरल स्टोर और इलेक्ट्रिकल का सामान भी जल गया। दुकानदार अमित ने बताया कि इस अग्निकांड में उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है। उनके अनुसार मिनी बैंक का करीब तीन लाख रुपये का सामान और जनरल स्टोर व इलेक्ट्रिकल का लगभग साढ़े पांच लाख रुपये का सामान जल गया है। कुल मिलाकर साढे़ आठ लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है।