गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के जाजमऊ हाईवे पर अखलाख नगर मोड़ के पास शनिवार को दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में शहर के निवासी युवक, युवती की मौत हो गई। युवती हादसे में जान गंवाने वाले युवक की बहन की सहेली थी। काकादेव निवासी सतीश चंद्र का पुत्र ज्ञान सिंह (25) और बर्रा निवासी अरुण सिंह की पुत्री भूमिका सिंह (24) लखनऊ में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। शनिवार को दोनों स्कूटी से लखनऊ से कानपुर आ रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे जाजमऊ पुलिस चौकी से 50 मीटर पहले अखलाख नगर मोड़ के पास पीछे से आए डंपर ने टक्कर मार दी। दोनों उछलकर सिर के बल सड़क पर गिरे। गंभीर रूप से घायल होने से उनकी मौत हो गई। ज्ञान सिंह के पिता सतीश चंद्र ने पुलिस को बताया कि उनकी घर के पास ही परचून की दुकान है। ज्ञान लखनऊ में रहकर पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसकी दोस्त भूमिका जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) का कोर्स कर रही थी। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि डंपर व उसके चालक को पकड़ लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।