बिहार और पश्चिम बंगाल के सरहदी इलाकों में तकरीबन एक सप्ताह से ठिठका मानसून फिर सक्रिय हो गया है। तीन-चार दिन में मानसून के प्रदेश पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी पछुआ चल रही है। इसके बाद जैसे ही पुरवा चलना शुरू होगी, मानसून की गति में तेजी आ जाएगी। इसके साथ ही प्री मानसून वर्षा का अनुमान जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि इस समय मानसून ने बिहार का 80 फीसदी क्षेत्र कवर कर लिया है। इसके साथ ही महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज हो जाएंगी। इन प्रांतों को कवर करने के बाद मानसून प्रदेश में प्रवेश करेगा। इसमें तीन से पांच दिन तक का समय लगने का अनुमान है।