अतिक्रमणकारियों ने नगर निगम को गुरुवार को भी ठेंगा दिखाया। महापौर प्रमिला पांडेय ने शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए दोपहर में जागरूकता रैली निकाली। अतिक्रमणकारियों को 15 दिन में अतिक्रमण हटाने की अपील की। ऐसा न करने पर बुलडोजर चलाकर इसे हटाने के साथ ही जुर्माना भी वसूलने की चेतावनी दी। उस समय तो ज्यादातर अतिक्रमणकारियों ने सामान समेटा, पर बाद में पुन: फुटपाथ से सड़क तक दुकानें सजा लीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले महीने यहां आकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। गुरुवार को महापौर के नेतृत्व में फुटपाथ, नाले-नालियों से अतिक्रमण हटाने के उद्देश्य से नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों ने बुलडोजर व अन्य वाहनों के साथ सद्भावना चौकी, परेड से रैली निकाली। रैली नई सड़क, शक्कर पट्टी, नयागंज, जनरलगंज होते हुए बिरहाना रोड पर समाप्त हुई।