श्री सनातन धर्म सभा कौशलपुरी के 75 वर्ष पूरे होने पर मंदिर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन मंगलवार को कथा व्यास स्वामी विश्व चैतन्य महाराज ने श्रीराम और कृष्ण के जन्म प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने भजन तारा है सारा जमाना श्याम, हमको भी तारो... सुनाया, जिसे सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमने लगे। चैतन्य महाराज ने गज और ग्राह की कथा सुनाते हुए बताया कि जैसे संकट में पड़े गज ने अंत में भगवान हरि को पुकारा और भगवान ने उसके प्राण बचाए, उसी प्रकार मनुष्य को भी हर परिस्थिति में भगवान का स्मरण करना चाहिए। उन्होंने समुद्र मंथन के प्रसंग के माध्यम से कहा कि हर व्यक्ति को अपने भीतर भी मंथन करना चाहिए, जिससे बुराइयों का नाश हो और जीवन में अमृत समान गुण प्रकट हों। कथा के दौरान श्रीराम जन्म पर श्रद्धालुओं ने श्रीराम जय राम जय जय राम... का उद्घोष किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर नंद घर लाला आयो रे... के जयकारे लगाए। कार्यक्रम में ध्रुव कुमार रूइया, कुंज बिहारी, विनय अजमानी, सुनील टंडन सहित कई श्रद्धालु मौजूद रहे।