उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल (कानपुर इकाई) के अध्यक्ष कपिल सब्बरवाल की अगुवाई में बृहस्पतिवार को व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य कर विभाग की अपर आयुक्त (ग्रेड वन) सान्या छाबड़ा से लखनपुर स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान व्यापार संगठनों के साथ विभाग की नियमित बैठकें आयोजित करने की मांग रखी गई। इस पर अपर आयुक्त ने मातहत अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि सभी सेक्टरों में व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की जाएं। इसके साथ ही उन्होंने सितंबर के प्रथम सप्ताह में अपने स्तर पर भी एक बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने कर विभाग द्वारा व्यापारियों को भेजे जा रहे नोटिस, बैंक खाते सील किए जाने से हो रही परेशानियां बताई। इसके अलावा, छोटी-छोटी भूलों पर वाहनों को न पकड़ने की बात रखी गई। इस मौके पर रंजीत सिंह बिल्लू, रणजीत सिंह बब्बू, सौरभ गुप्ता आदि थे।