सजेती थाना क्षेत्र के झंडापुर गांव में सोमवार दोपहर खेतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज लाइन की चिंगारी से भीषण आग लग गई, जिसमें करीब 14 बीघा गेहूं व गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती तब तक ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पा लिया। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और तेज हवा के कारण तेजी से खेतों में फैल गई, जिससे ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और विकराल रूप लेना शुरू कर चुकी थी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में 14 बीघा खेत इसकी चपेट में आ गए। दो गांवों के ग्रामीणों ने बाल्टी, पानी और मिट्टी के सहारे आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थी कि उन पर काबू पाते पाते करीब 14 बीघे गेहूं व गन्ने की फसल जल गई। इस हादसे में धीरजापुर गांव निवासी अरविंद, संतराम और रामबाबू की दो-दो बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई, जबकि रामप्रसाद की चार बीघा गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह राख हो गई। इसके अलावा गयाप्रसाद की दो बीघा गन्ने की फसल भी आग की चपेट में आ गई। झंडापुर गांव के छोटेलाल और मौजीलाल की एक-एक बीघा गेहूं की फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। आग से फसल को हुए नुकसान का राजस्व टीम ने पहुंचकर आंकलन किया है।