अमर उजाला में रविवार को बसंत विहार में भीषण जलभराव और घरों तक में गंदा पानी घुसने का मामला प्रकाशित होते ही सुबह से नगर निगम का अमला इस मोहल्ले में लगा रहा। मोहल्ले में दूसरा डीवाटरिंग पंप लगाकर पानी निकाला गया। मकान के कमरों तक में जलभराव से परेशान राजेंद्र श्रीवास्तव के घर के बाहर नालियों में उगी घास के साथ ही सिल्ट निकाली गई। अन्य मोहल्लों में भी गैंग लगे रहे। बसंत विहार निवासी वृद्ध राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि वह तीन साल से सफाई निरीक्षक से नालियां साफ कराने के लिए कह रहे थे पर वह हर बार टकराता रहा, कभी सफाई नहीं की। शनिवार को घर के कमरों तक में पानी घुसने से गृहस्थी का सामान भी खराब हुआ था। नगर निगम जोन-3 के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि बसंत विहार में नालियां चोक होने की वजह से ज्यादा जलभराव हुआ। पहले एक डीवाटरिंग पंप था, अब एक और लगा दिया गया है।