संयोगिता मार्ग पर बालू लादकर जा रहे डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया। इसके बाद उधर से गुजर रहे डंपरों पर पथराव कर तोड़फोड़ की। लोग बालू खनन में लगे डंपरों को बंद कराने की मांग कर अड़े हैं। मौके पर पहुंचे कोतवाल ने परिजनों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण हादसे को अंजाम देने वाले डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं। क्षेत्र के सराय घाट पर बालू का खनन चल रहा है। काफी बालू तारापुर के पास डंप की गई है। बालू लादकर जा रहे डंपर ने मंगलवार की शाम करीब सात बजे पड़ुआपुर गांव के पास बाइक में सामने से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और डंपर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। हादसे में हंसपुर्वा निवासी बाइक सवार प्रभाकांत (22) पुत्र उमाशंकर वर्मा व गुगरापुर निवासी अजय वर्मा (20) पुत्र विंदर वर्मा की मौत हो गई। घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। ग्रामीणों की भीड़ घटना स्थल पर जुट गई।