सदर तहसील स्थित उप निबंधक कार्यालय में शुक्रवार दोपहर विजिलेंस टीम ने छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। टीम ने 60 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में सब-रजिस्ट्रार और एक निजी कर्मचारी को हिरासत में लिया। कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। विजिलेंस कानपुर के टीम प्रभारी क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि 22 मई 2026 को उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, कानपुर में शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सदर तहसील के मौजा कंदरौली बांगर स्थित गाटा संख्या 440 और 443 की 14.64 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए 60 हजार रुपये की मांग की जा रही है। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम गठित कर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान उप निबंधक कार्यालय में कार्यरत निजी कर्मचारी जीतेंद्र कुमार कुशवाहा के कब्जे से शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 60 हजार रुपये बरामद किए गए।