कन्नौज में जीटी रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। बताया गया कि ओवरलोड ऑटो ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे लोडर से टकरा गया। हादसे के बाद लोडर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, जबकि ऑटो चालक भी मौका पाकर भाग निकला। घटना जीटी रोड स्थित पर्यटक आवास गृह के सामने की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मकरंदनगर की ओर से आ रहा ऑटो किसी वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे लोडर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में सवार सरायमीरा निवासी करीब 50 वर्षीय फूलश्री और एक अन्य अधेड़ व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।