उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2026 के दौरान अभ्यर्थियों के सुगम एवं सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए झांसी रेल मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष व्यवस्थाएं की गईं। अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए कुल 12 परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। तीन दिवसीय परीक्षा अवधि में झांसी से कानपुर के लिए 6, ललितपुर से कानपुर वाया झांसी के लिए 3 तथा बांदा से प्रयागराज के लिए 3 विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इन विशेष ट्रेनों के माध्यम से लगभग 15,000 अभ्यर्थियों ने यात्रा सुविधा का लाभ उठाया और समय पर अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सके। परीक्षा के दौरान वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार स्वयं मौजूद रहे तथा उन्होंने स्टेशन पर की गई व्यवस्थाओं, यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन एवं परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन का लगातार जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए संबंधित स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गईं। भीड़ प्रबंधन एवं यात्री सुविधाओं की सतत निगरानी के लिए मंडल स्तर पर स्थापित वार रूम से प्रमुख स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार स्थिति पर नजर रखी गई। अधिकारियों द्वारा स्टेशन परिसरों एवं प्लेटफॉर्मों का नियमित निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार त्वरित निर्णय लिए गए।