गोंडा के टाउनहॉल में शनिवार को पूर्वांचल के 22 जिलों के किसान नेताओं का जमावड़ा हुआ। अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजन क्षीर सागर की मौजूदगी में एक दिवसीय महासम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें किसान नेताओं ने कहा कि हम एकजुट होकर सरकार से अपना अधिकार लेकर रहेंगे। एक तरफ धार्मिक आयोजन पर फूल बरसाए जाते हैं, जबकि किसानों को खाद के लिए कई दिन लाइनों में लगना पड़ता है। पुलिस की लाठियां खानी पड़ती है। बहराइच से आए सिद्धनाथ श्रीवास्तव ने कहा कि गन्ने का मूल्य बहुत ही कम है। सरकार किसानों के हितों को अनदेखी करती है। देवरिया से आए स्वामीनाथ यादव ने कहा समय से किसानों को खाद बीज उपलब्ध कराए। देवरिया में चीनी मिल का संचालन हो। देवरिया के कमला यादव ने बुजुर्ग किसानों को 10 हजार रुपये पेंशन की मांग की।