यूपी के गोंडा में एक सप्ताह पूर्व हुई मंगलदेव की हत्या के मामले में शनिवार को विधायक पल्लवी पटेल गांव पहुंची। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इसके बाद समर्थकों के साथ गोंडा-बलरामपुर मार्ग पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा न मिलने, उनकी सुरक्षा के इंतजाम न होने की बात कही। हत्यारोपी के घर बुलडोजर चलाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधिकारी विधायक को समझाने के प्रयास में जुटे रहे। दरअसल, 4 अक्तूबर को इटियाथोक के भवानीपुर खुर्द गांव निवासी मंगलदेव की हत्या हुई थी। आरोप यूरिया पंप संचालक पर है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी संदीप मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है।