फिरोजाबाद। जिले में माध्यमिक विद्यालयों में प्री बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत हो गई है। पहले दिन हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों ने हिंदी विषय की परीक्षा दी। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। प्री बोर्ड परीक्षा वर्ष 2025 के लिए निर्धारित अतिरिक्त प्रश्न पत्रों के आधार पर कराई जा रही है, जिससे छात्र बोर्ड परीक्षा के प्रश्न पत्रों के स्तर और स्वरूप से परिचित हो सकें। परीक्षा के दौरान विद्यालय स्तर पर कक्ष निरीक्षण की व्यवस्था की गई और अनुशासन बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक धीरेंद्र यादव ने बताया कि जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के लगभग 70 हजार परीक्षार्थी प्री बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। उन्होंने कहा कि प्री बोर्ड परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों की तैयारी का आकलन करना है, ताकि कमजोर पक्षों को समय रहते सुधार कर बोर्ड परीक्षा में बेहतर परिणाम सुनिश्चित किया जा सके।