जिलाधिकारी ने मंगलवार को राजेपुर के बाढ़ क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने कड़क्का बांध व अलादपुर भटौली की हकीकत देखी। उन्होंने रामगंगा नदी के किनारे झोपड़ी में रह रहे आठ परिवारों को प्रधानमंत्री योजना के आवास देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह, पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी ने राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी से होते हुए कड़क्का तक भ्रमण किया। उन्होंने रामगंगा नदी के किनारे बसे गांव अलादपुर भटौली पहुंचकर सिंचाई विभाग द्वारा बनाया गया तटबंध देखा। डीएम ने नदी के किनारे रह रहे आठ परिवारों से पूछताछ कर समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उन्हें रहने के लिए भूमि दी गई थी। उसे तीन दिन पूर्व ही लेखपाल ने नाप कर कब्जा दिलाया है। डीएम ने पूछा कि वह लोग जगह मिलने के बाद घर क्यों नहीं बना रहे हैं। इस पर कुछ ग्रामीणों ने रुपये न होने तो किसी ने बारिश होने की बात कही। इस पर डीएम ने बीडीओ अतुल राठौर को निर्देश दिए कि कटान से प्रभावित आठ परिवारों का सर्वे करें।