एटा के अलीगंज क्षेत्र के नगला बंजारन में 10 अगस्त को मैनपुरी जिले के दो युवकों को चोर समझकर बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर छलिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस मामले को एसएसपी श्याम नारायण सिंह के गंभीरता से लिए जाने पर हरकत में आई थाने की पुलिस ने 7 युवकों की पहचान करते हुए 35 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है। क्षेत्र के गांव नगला बंजारन में 10 अगस्त की रात को मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर के प्रदीप एवं दौलतपुर निवासी उत्तम सिंह एक तखत पर बैठे थे। जिनको चोर समझकर गांव के लोगों ने हमलाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवक को अस्पताल में भर्ती कराया। युवकों के परिजन ने एसएसपी से संपर्क कर घटना के बारे में बताया जिस पर एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी हमलावरों की पहचान कर थाने की पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। थाने की पुलिस ने घटना के समय के वीडियो को खंगालकर छलिया, भाई सलमान, सलीम, पुत्र नासिर, कालिया, भिन्ना, इदरीश की पहचान कर 35 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की। इसमें पुलिस ने बृहस्पतिवार को हिस्ट्रीशीटर छलिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने छलिया से एक तमंचा बरामद किया है।