एटा के जलेसर में आषाढ़ मास की पहली शनि जात पर आस्था के आगे भीषण गर्मी पीछे छूट गई। श्रद्धालुओं की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। क्षेत्रीय के अलावा बाहरी जिलों और प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं ने पूजा के साथ-साथ बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। शनि जात में संभावित भीड़ के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने पहले से ही व्यवस्थाएं कर ली थीं। बैरीकेडिंग लगाकर नगर के अंदर वाहनों की नो एंट्री कर दी गई थी। ई-रिक्शों को भी प्रवेश की इजाजत नहीं थी। नगर के बाहर ही वाहन रुकवाए गए और श्रद्धालु पैदल चलकर आए। ऐसे में कहीं जाम की स्थिति नहीं रही। पुलिस ने ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों का उपयोग कर अराजक तत्वों पर नजर रखी। दोनों दरगाह पर 50 से अधिक कैमरे लगाए गए, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सकी। एसडीएम भावना विमल, सीओ ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार नीरज वार्ष्णेय, कोतवाली प्रभारी डॉ. सुधीर राघव ने निरंतर स्थिति पर नजर बनाए रखी।