एटा के अवागढ़ क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की ओर से गहराना तक जाने वाले मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। करीब 16 करोड़ रुपये की लागत से सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता आदर्श वर्मा ने बताया कि अवागढ़ से गहराना वाले मार्ग पर करीब 12 किलोमीटर लंबे मार्ग को चौड़ा किया जाएगा। शासन से 16.74 करोड़ रुपये का प्रस्ताव स्वीकृत हो चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में सड़क की चौड़ाई लगभग 3.75 मीटर है जिसकी वजह से चारपहिया वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। सड़क की चौड़ाई कम होने की वजह से कई हादसे भी हो चुके हैं। इस समस्या पर शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। निर्माण होने के बाद सड़क की चौड़ाई 5.5 मीटर हो जाएगी। इससे लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी। वहीं मार्ग पर हादसे भी कम होंगे। वर्तमान में इस मार्ग पर कई जगह सड़क से डामर भी अलग हो चुका है। जगह-जगह गिट्टी बिखरी पड़ी हुई है। वहीं कई जगहों पर गहरे गड्ढे भी हो चुके हैं। इन समस्याओं से भी लोगों को निजात मिलेगी।