सदर कोतवाली क्षेत्र के देवांगना रोड स्थित गढ़ीवा पेट्रोल पंप के पास मंगलवार रात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान प्रयागराज में उसकी मौत हो गई। गढ़ीवा निवासी पवन कुमार ने बताया कि उसका बड़ा भाई लवकुश (25) जिला पंचायत कार्यालय में तैनात एक अधिकारी का खाना बनाने का काम करता था। रात करीब 10 बजे खाना बनाकर बाइक से घर लौट रहा था। पेट्रोल पंप के पास कट से मुड़ते समय पीछे से आए ट्रक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे लवकुश सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। बुधवार भोर करीब चार बजे प्रयागराज में इलाज के दौरान लवकुश ने दम तोड़ दिया। वहां से शव लेकर आने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। लवकुश के परिवार में मां हीरामनी देवी, बहन ऊषा देवी और भाई पवन हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। अपराध निरीक्षक विनोद कुमार यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। ट्रक और चालक के बारे में पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।