बरहनी विकासखंड के सिकठा गांव के सिवान में अप्पू सिंह के मशीन के पास बनी पुलिया को तोड़े जाने और उसका मलबा माइनर रजवाहा में गिराए जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी नाराजगी व्याप्त है। ग्रामीणों—दीपक सिंह, अभय सिंह और पप्पू सिंह—ने बताया कि सिंचाई विभाग द्वारा पिछले वर्ष ही इस पुलिया पर टूटे डिवाइडर का निर्माण कराया गया था, लेकिन गांव के कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग अपनी कृषि मशीनों के आवागमन के लिए बार-बार पुलिया का डिवाइडर तोड़ देते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की हरकतों से न केवल सरकारी धन की बर्बादी हो रही है, बल्कि पुलिया का मलबा नहर में गिरने से जल प्रवाह भी बाधित हो रहा है। रजवाहा में पानी का बहाव प्रभावित होने से सिंचाई व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका है, जिससे किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सता रही है। इस संबंध में चंद्रप्रभा नहर प्रखंड के अधिशासी अभियंता हरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी और पुलिया के क्षतिग्रस्त डिवाइडर को ठीक कराया जाएगा। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।