पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से धनबाद तक 180 किमी की रफ्तार से ट्रेन दौड़ सकेगी। बुधवार को 412 किमी लंबे रेल रूट 180 किमी की रफ्तार से ट्रायल ट्रेन दौड़ी। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह और पीडीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ट्रेन पर सवार होकर रफ्तार की परख करते रहे। रेलवे की ओर से लगातार ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है। एक वर्ष पहले 5 अप्रैल को पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से प्रधानखांटा तक 160 किमी की रफ्तार से ट्रायल ट्रेन चलाया गया था। सफल ट्रायल के बाद ट्रेन की रफ्तार बढ़ाकर 180 किमी करने के लिए प्रयास शुरू कर दिया गया। इसके तहत बिहार, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश राज्य में पूर्व मध्य रेल के लगभग 412 किलोमीटर लंबे ग्रैंड कॉर्ड रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ फेंसिंग किया गया। प्रधानखंटा से धनबाद, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गोमो, कोडरमा, गया, सोननगर होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक 412 किलोमीटर रेल खंड में फेंसिंग का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। इसके साथ इस रेलखंड पर कवच की स्थापना का भी कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है। वहीं सिग्नलिंग प्रणाली आदि को ठीक करने के बाद 180 की रफ्तार से स्पीड ट्रायल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया। बुधवार की सुबह 11.05 बजे पीडीडीयू जंक्शन के प्लेटफार्म संख्या चार से स्पीड ट्रॉयल ट्रेन रवाना हुई। महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह के नेतृत्व में पं.दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से धनबाद जंक्शन तक ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से पहुंची। इसके पूर्व गया में ट्रेन रूकी। यहां पीडीडीयू मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना उतरे और धनबाद के डीआरएम अखिलेश मिश्र सवार हुए। धनबाद से उसी रफ्तार से ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन पहुंची। पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने कहा कि स्पीड ट्रायल सफलता पूर्वक पूरा हुआ है। जल्द ही इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाई जाएगी।