जिले के पड़ाव और इलिया क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत ने आमजन का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गैस बुकिंग के 15 से 20 दिन बाद भी सिलेंडर न मिलने से उपभोक्ताओं को रोजाना गैस एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पड़ाव क्षेत्र के हरगांव, सुजाबाद, बहादुरपुर, मड़िया, चौरहट, रतनपुर, भोजपुर, सेमरा, कटेसर, साहूपुरी, बखरा, चांदी, तारा, नींबूपुर, दांडी समेत दर्जनों गांवों की लाखों की आबादी इन दिनों गैस संकट से जूझ रही है। यहां आपूर्ति के लिए दो एचपी और दो इंडियन ऑयल की गैस एजेंसियां हैं, लेकिन पर्याप्त सप्लाई न होने से हालात बिगड़ गए हैं। सुबह होते ही एजेंसियों पर लंबी कतारें लग जा रही हैं, लेकिन अधिकांश उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि बुकिंग के बावजूद समय पर गैस नहीं मिल रही, जिससे घरेलू कामकाज ठप पड़ गया है। कई परिवारों में खाना बनाने तक की समस्या उत्पन्न हो गई है। मजबूरी में लोग महंगे दामों पर लकड़ी और कोयले का सहारा ले रहे हैं।