गुरु पूर्णिमा पर्व को लेकर जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पड़ाव स्थित सर्वेश्वरी समूह आश्रम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम में करीब एक लाख श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। इसे देखते हुए यातायात, रूट डायवर्जन, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और चिकित्सा सुविधा जैसे सभी पहलुओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुसार रूट डायवर्जन किया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो। आश्रम परिसर और आस-पास के क्षेत्र में प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान डीएम और एसपी ने दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, पेयजल और स्वास्थ्य शिविर जैसी मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। गुरु पूर्णिमा पर सर्वेश्वरी समूह आश्रम में देशभर से श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में प्रशासन इसे लेकर पूरी तरह से सतर्क है और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।