नगर के जर्जर पड़े काली नदी रोड को लेकर उद्योग व्यापार मंडल (नरेंद्र) के बैनरतले लोगों ने पालिका परिसर में धरना दे विरोध प्रदर्शन किया। पालिका ईओ द्वारा सड़क निर्माण का आश्वासन देने पर व्यापारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। सड़क निर्माण को लेकर व्यापारियों ने शुक्रवार रात से कार्य शुरू करने के लिए ज्ञापन सौंपा। नगर के मुख्य चौराहे काला आम से स्याना बस अड्डे तक आने-जाने के दोनों मार्ग गड्ढों में तब्दील है। मार्ग का निर्माण न होने पर व्यापारियों के पास कम मात्रा में ग्राहक पहुंच रहे है। दो दिन पूर्व व्यापारियों ने सदर विधायक को ज्ञापन देकर सड़क निर्माण की मांग की थी। बृहस्पतिवार को नगर पालिका परिसर में व्यापारियों ने विरोध प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने मांग रखी कि जब तक सड़क लोक निर्माण विभाग को नहीं सौंपी जाती, तब तक वहां इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर इसका समाधान किया जाए। सड़क निर्माण की मांग का आश्वासन न मिलने तक व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन जारी रखा। व्यापारियों के धरना प्रदर्शन किए जाने की बात पालिका ईओ ने नगर पालिका अध्यक्ष से फोन पर बताई। पालिका अध्यक्ष ने शुक्रवार रात से सड़क निर्माण का कार्य कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया। साथ ही सड़क निर्माण कार्य में पूरा सहयोग देने का भी व्यापारियों ने आश्वासन दिया। काली नदी रोड इकाई अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि उद्योग व्यापार मंडल (नरेंद्र) के बैनरतले राजेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया गया। सभी व्यापारी सड़क पर गहरे गड्ढों, धूल, कीचड़ और लगातार हो रहे हादसों से परेशान है। सड़क निर्माण का कार्य जल्द कराने को लेकर पालिका ईओ को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान मंडल के जिलाध्यक्ष विशाल अरोड़ा, नगर अध्यक्ष अजय अग्रवाल, नगर महामंत्री अमित सिंघल, महामंत्री मुकेश अरोड़ा, एडवोकेट रामकिशोर शर्मा, धर्मराज, बबलू, विनीत, और प्रवीन आदि व्यापारी मौजूद रहे।