बदायूं जिले में मंगलवार को सुबह से बारिश शुरू हो गई, जिससे जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं परेशानी भी बढ़ गई। देहात क्षेत्र के अस्पताल से लेकर परिषदीय स्कूलों में एक से दो फुट बरसात का पानी भर गया। बारिश की वजह से बच्चे बेहद कम संख्या में स्कूल पहुंच सके। कुछ स्कूलों में जलभराव ज्यादा होने की वजह से एक भी बच्चा स्कूल नहीं पहुंचा। स्कूल स्टाफ अपने वाहन स्कूलों के बाहर खड़ा करके पानी में होते हुए स्कूल के अंदर पहुंचे। मौसम विभाग ने दो जुलाई को बदायूं में भारी बारिश की संभावना जताई थी। मंगलवार तड़के से ही जिलेभर में तेज बारिश होना शुरू हो गई। सुबह नौ बजे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। उसके बाद में बारिश की गति थोड़ी धीमी हुई। लेकिन पूर्वाह्न तक लगातार बारिश होती रही। ऐसे में जगह-जगह जलभराव हो गया। दहगवां के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में करीब डेढ़ फुट तक पानी भर गया। अस्पताल के सभी कमरों में भी पानी भर गया। अलमारी में रखी दवाई और रजिस्टर पानी से पूरी तरह से भीग गया। कुछ रजिस्टर को पानी में उतराने भी लगे। साधन सहकारी समिति का भी यही हाल था।