मूसलाधार वर्षा ने हर जगह कहर बरपाया। खेत-खलिहान, संपर्क मार्ग और गौशालाएं भी जलमग्न हो गईं। जलमग्न गौशाला की सफाई ,चार व्यवस्था तहसीलदार ने अपनी निगरानी में कराई। गांव बहादुरपुर सरफुद्दीन हुसैन में नंदी गौशाला में पानी भरने से पूरी गौशाला जलमग्न हो गई। लगभग डेढ़ फीट से अधिक पानी भरने से पशुओं के बैठने आदि की व्यवस्था ठप हो गई। सूचना मिलने पर तहसीलदार कमलेश कुमार राजस्व टीम के साथ गांव बहादुरपुर सरफुद्दीन हुसैन स्थित नंदी गौशाला पहुंचे।तहसीलदार ने स्वयं एक से दो फीट पानी से गुजर कर गौशाला के जल भराव स्थिति का जायजा लिया। पानी निकासी के लिए क्षेत्र का भ्रमण किया।तहसीलदार ने गौशाला के पशुओं को हरा चारा, भूसा उपलब्ध कराने के साथ गौशाला की सफाई व्यवस्था अपनी निगरानी में कराई। गौशाला संचालकों ने प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था के लिए आभार जताया।