बरेली में बुधवार को सुबह करीब डेढ़ घंटे तक झमाझम बारिश हुई। इससे जहां लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली, वहीं शहर के कई इलाकों में जलभराव की समस्या से दिक्कत हुई। बारिश के बाद पुराना शहर, सतीपुर, सुभाषनगर, सूफीटोला, हजियापुर, जगतपुर, एजाजनगर गौंटिया, मॉडल टाउन, बाकरगंज, किला और कटघर में जलभराव से लोग जूझते नजर आए। सावन की शिवरात्रि पर बारिश के बीच कांवड़िये भीगते हुए शिवालयों तक पहुंचे। जलभराव के कारण उन्हें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर से सटे निर्मल ग्राम पुरस्कार से सम्मानित ग्राम पंचायत भरतौल में सड़कों पर सैलाब जैसी स्थिति दिखी।