बदायूं में महाशिवरात्रि से पूर्व कछला गंगा तट पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा। जल भरने के लिए कंधे पर कांवड़ लेकर श्रद्धालुओं की टोली पहुंचने लगी। मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं ने हर हर महादेव के जयघोष के साथ गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। मंगलवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का कछला के भागीरथ गंगा तट पर पहुंचना शुरू हो गया। गंगा तट पर पहुंचे वाले मुख्य मार्ग के दोनों ओर लगी दुकानें आकर्षण का केंद्र बनीं हैं। महाशिवरात्रि के मौके पर जलाभिषेक के लिए शिवालयों को सजा दिया गया। वहीं, सोमवार देर रात से ही हाईवे पर कांवड़ियां की टोलियां नजर आने लगी थी। कंधे पर कांवड़ व तिरंगा लेकर टोलियां देशभक्ति गीतों की धुन पर कछला गंगा घाट की ओर बढ़ती रही। कांवड़ियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी घाट पर चौकसी बढ़ा दी। इधर, शहर से लेकर देहात तक मंदिरों में साफ-सफाई कर जलाभिषेक के लिए तैयार किया। वहीं, पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। प्रत्येक डायवर्जन प्वाइंट पर पुलिस व ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती कर दी गई है।