बरेली के अलीगंज मझगवां विकासखंड क्षेत्र में हैरान करने वाला वाक्या सामने आया है। ग्राम पंचायत लोहारी के माजरा रघुवीरपुर गांव के निकट अरिल नदी किनारे मंगलवार को विशालकाय अजगर आने से हड़कंप मच गया। यह अजगर गांव के मंदिर में घुस गया। इसकी जानकारी होने पर लोगों की भीड़ जुट गई। करीब 15 फुट लंबे अजगर ने पहले शिवलिंग को स्पर्श किया। फिर हनुमान प्रतिमा को छूते हुए दीवार पर काफी ऊपर टंगी हनुमान जी की तस्वीर तक पहुंच गया। तस्वीर में हनुमान जी के चरण छूकर फिर नीचे आ गया। यह सब देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। बाद में सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने अजगर को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक मंगलवार के दोपहर करीब 12 बजे लोहारी गांव से एक किलोमीटर दूर रघुवीरपुर के निकट अरिल नदी किनारे विशालकाय अजगर धूप सेंक रहा था। खेतों में काम कर रहे लोगों की नजर उस पर पड़ी तो सबके होश उड़ गए।