कोटवासाड़क (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र के मून्नूकपुरवा मजरे दुलाहदेपुर निवासी वृजलाल (40) पुत्र रामसागर की गुरुवार रात हादसे में मौत हो गई। वृजलाल ट्रक पर भूसी लादने का कार्य करते थे। रोज की तरह वह सुबह अपने साथियों के साथ बेचल स्थित गेट नंबर चार पर भूसी लादने गए थे। रात करीब 11 बजे काम के दौरान बांस की सीढ़ी से पैर फिसलने पर वह ट्रक से नीचे गिर पड़े। मौके पर मौजूद साथियों ने उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रात करीब दो बजे साथियों ने शव को उनके घर पहुंचाया। वृजलाल अपने पीछे चार बच्चे छोड़ गए हैं ।लवकुश (16), मोहनी (14), लवलेश (9) और रोहनी (7)। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।