बाराबंकी में मामा की शादी में शामिल होने आए दो मासूम बच्चे शनिवार की शाम नदी में डूब गए। इससे उनकी मौत हो गई। शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। घर में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण परेशान परिजन को ढांढस बंधाते रहे। मामला बदोसराय थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव का है। यहां बहराइच के जरवल रोड क्षेत्र निवासी रमेश का 13 वर्षीय पुत्र सत्यम पाल और रेठौरा गांव निवासी पंकज का 12 वर्षीय पुत्र विवेक पाल अपने मामा की शादी में शामिल होने आए थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर में दोनों बच्चे खेलते-खेलते गांव से करीब आधा किमी दूर सरयू नदी किनारे जा पहुंचे। वहां नहाने के लिए पानी में उतर गए। लेकिन, गहराई का अंदाजा न होने पर दोनों डूबने लगे। गांव के ही राजेंद्र ने बच्चों को डूबता देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े। रस्सियों व डंडों की मदद से बच्चों को बाहर निकाला गया। लेकिन, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों को मौत हो चुकी थी।