विकास प्राधिकरण की ओर से पार्क के लिए स्वीकृत दस बिस्वा जमीन पर लगे गेट और बाउंड्री को कुछ लोगों ने बिना आदेश तोड़ दिया।विरोध करने पर भाजपा नगर अध्यक्ष का पुलिस की मौजूदगी में मोहल्ले वालों से विवाद हो गया। आरोप है कि भाजपा नेता ने अपनी जमीन बताकर लाइसेंसी पिस्टल से फायर झोंक दिया। कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज की है। फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के बनकटी गांव के सतेंद्र पाल (68) ने बताया कि बांदा के आर्यावर्त बैंक के प्रबंधक पद से रिटायर होने के बाद शहर के कालू कुआं मोहल्ले में सिंह धर्मकांटा तिंदवारी रोड के पास मकान बनवाकर रहे हैं। बताया कि सोमवार को सुबह करीब साढ़े दस बजे माई कार शोरूम के पास खड़े थे। तभी पार्क की जमीन को लेकर रंजिश मानने वाले अधिवक्ता भाजपा नगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, प्रकाश गुप्ता व जितेंद्र गुप्ता बाइक से आए। आरोप लगाया कि उन्हें पार्क की जमीन के पास ले गए और राजेश ने अपनी पिस्टल से उन पर फायर झोंक दिया। इससे वह बाल-बाल बचे।