नगर के बाबा बालेश्वर मंदिर में शुक्रवार की शाम रंगभरी एकादशी पर खूब अबीर-गुलाल उड़े। वहीं, सुबह माता गौरी का गौना की रस्म अदा की गई। इससे पूरा मंदिर परिसर फूलों की पंखुड़ियों से सराबोर हो गया। काफी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु उत्साह व उमंग के साथ होली खेले। प्रबंधक अजय कुमार चौधरी उर्फ डब्लू ने बताया कि सुबह में सबसे पहले बाबा भोलेनाथ व मां का श्रृंगार किया गया। इसके बाद विविध प्रकार के मिठाई लड्डू, गाजा, खाजा, तरह-तरह के फल सेब, संतरा, अनार, केला आदि मेवा मिष्ठान मां पार्वती व भोलेनाथ को अर्पित किया गया। वहीं साड़ी, कपड़ा, बर्तन, बक्सा, घड़ी, चूड़ी, बिंदी आदि श्रृंगार का सामान मां को चढ़ाया गया। इसके साथ ही मंगल गीतों संग विधि-विधान से मां व भोले बाबा का पूजन अर्चन गौना किया गया। रंगभरी एकादशी पर शाम को सबसे पहले भोलेनाथ व अन्य देवी-देवताओं को अबीर-गुलाल, तरह-तरह के फूल अर्पित कर होली हुई। इसके बाद मंदिर परिसर में मौजूद सभी श्रद्धालुओं ने खूब अबीर उड़ाए। आपस में एक दूसरे को अबीर लगाकर व पुष्प वर्षा कर होली खेली। इसमें मटिहीं गांव के लोगों खूब फाग गीत सुनाकर बाबा की आराधना की, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया था। मंदिर को लाइटों से सजाया गया था। श्रद्धा भाव से पहुंचे लोगों ने मंदिर में होली खेल बाबा भोलेनाथ व मां का आशीर्वाद लिया।