अग्निवीर योजना को समाप्त करने की मांग को लेकर शनिवार को शहीद स्मारक बैरिया से पैदल मार्च का शुभारंभ हुआ। बैरिया तिराहा स्थित पूर्व विधायक स्व. मैनेजर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद युवाओं का जत्था आगे बढ़ा। अग्निवीर योजना को समाप्त करने व योजना लागू होने के समय हुए आंदोलन में लोगों पर दर्ज मुकदमे को वापस लेने की मांग को लेकर छात्र नेता नितेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया। सैकड़ों युवाओं, विभिन्न राजनीतिक दल के नेता ने पैदल मार्च में सहभागिता की। पैदल मार्च शहीद स्मारक से जिलाधिकारी कार्यालय तक जाना है। सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेगा। राष्ट्रपति को संबोधित पत्र जिलाधिकारी को सौंपेंगे। इसमें नागेंद्र बहादुर सिंह झुन्नु, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उमाशंकर पांडे, अंशुमान सिंह, राजेश वर्मा, संजय पांडेय, योगी आदित्य प्रताप सिंह, रंजन गुप्त, अमित यादव, दिग्विजय सिंह शामिल थे।