बागपत में दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में पांच मासूम बच्चों समेत दस लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। बाइक पर सात लोग, सामने से आई मौत मवीकला गांव के रहने वाले महताब अपने परिवार के साथ जलालाबाद से मवीकला गांव लौट रहा था। बाइक पर चार बच्चे समेत कुल सात लोग सवार थे। जैसे ही वे सरुरपुर गांव के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महताब की पत्नी शबाना, भाई मोमीन, छह महीने का हर्ष, आयत, इनाया, और अर्श घायल हो गए। सभी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर हालत देखते हुए सभी को हायर सेंटर भेज दिया गया। कलेक्ट्रेट के पास कार की चपेट में आया परिवार दूसरी घटना में बिजनौर निवासी गुलजार अपनी पत्नी और बेटे के साथ लोनी से खामपुर किसी पारिवारिक कार्यक्रम में जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक कलेक्ट्रेट के पास पहुंची, एक तेज़ कार चालक ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। इस हादसे में गुलजार, उसकी पत्नी और बालक तीनों घायल हो गए। उन्हें भी जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों ही घटनाओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल कार चालकों की पहचान और गिरफ्तारी को लेकर प्रयास जारी हैं।