थाना रानी की सराय क्षेत्र के ग्राम तमौली में ग्राम समाज की भूमि, पोखरे और कब्रिस्तान की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम तमौली स्थित भूमि जो राजस्व अभिलेखों में ग्राम समाज की भूमि तथा पोखरा एवं कब्रिस्तान के रूप में दर्ज है, उस पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण कर कब्जा कर लिया गया है। शिकायतकर्ता गोरख सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुबेर तथा सुरेश ने उक्त भूमि पर मकान और भैंस का चट्टा बनाकर कब्जा कर रखा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस भूमि पर दलित समाज का पारंपरिक मरघट स्थित है, जहां वर्षों से अंतिम संस्कार संबंधी कार्य किए जाते रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार कब्जे के कारण मरघट के उपयोग में बाधा उत्पन्न हो रही है, जिससे स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से भूमि की पैमाइश कराकर कथित अवैध निर्माण हटाने और ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा मरघट की भूमि को पुनः ग्राम समाज और दलित समुदाय के उपयोग के लिए उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। डीएम ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।