रामनगरी से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां की पवित्र भूमि पर मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटित हुई है। फटिक शिला आश्रम के पास स्थित कुष्ठ आश्रम के पास एक नवजात का शव बरामद हुआ है। स्थानीय लोगों ने जब नवजात का शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। तुरंत ही इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। कोतवाली अयोध्या के नयाघाट चौकी क्षेत्र का यह मामला है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अयोध्या अशुतोष तिवारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नवजात का शव फटिक शिला पार्किंग एरिया के पास मिला है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद दोषियों की तलाश कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अयोध्या में इस हृदयविदारक घटना से लोग चकित हैं। पुलिस की तरफ से जांच जारी है। समाजसेवी रितेश मिश्र ने बताया कि कुष्ठ आश्रम की तरफ से मुझे सूचना दी गई थी। इसके बाद मौके पर पहुंचा तो नवजात का शव दिखा। नवजात के शव की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।