डोगरा रेजीमेंटल सेंटर अयोध्या कैंट में आज पांचवीं अग्निवीर कोर्स की पासिंग आउट एवं शपथ ग्रहण परेड का आयोजन ऐतिहासिक जमादार लाला परेड ग्राउंड में किया गया। इस अवसर पर 401 अग्निवीरों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर भारतीय सेना की सेवा के लिए शपथ ली। परेड की समीक्षा मेजर जनरल अनुपम भागी, वाईएसएम, एसएम, एडीजी राष्ट्रीय राइफल्स की ओर से की गई। उनके साथ ब्रिगेडियर जितेन्द्र शर्मा, कमांडेंट, डोगरा रेजीमेंटल सेंटर सहित अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, नागरिक अतिथि एवं अग्निवीरों के परिजन मौजूद रहे। इन अग्निवीरों को 31 सप्ताह तक कठोर सैन्य प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें सामरिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण, हथियार संचालन, ड्रिल, फील्ड क्राफ्ट व बैटल क्राफ्ट शामिल थे। परेड में अग्निवीरों ने सटीक व समन्वित कदमों से अपनी सैन्य दक्षता और उच्च मनोबल का प्रदर्शन किया। परेड के अंत में अग्निवीरों ने देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा एवं सेना के आदर्शों के पालन की शपथ ली। यह आयोजन न केवल डोगरा रेजीमेंट की गौरवशाली परंपरा का प्रतीक था, बल्कि सेना की भावी पीढ़ी के निर्माण की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यह परेड भारतीय सेना के प्रति अग्निवीरों के संकल्प और समर्पण को दर्शाती है और यह आगामी दिनों में देश की रक्षा में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की ओर संकेत करती है। एक अग्निवीर सैनिक ने कहा कि कड़े संघर्ष के बाद वे देश की सेवा के लिए तैयार हुए हैं और उन्होंने शपथ ली है की देश की सेवा करेंगे। वहीं, एक अग्निवीर की मां ने भी कहा कि उन्हें इस बात का गर्व है कि उसका बेटा सेना में शामिल हो रहा है।