मंगलवार को आईपीएल 2025 में पंजाब और आरसीबी के बीच खेले गए अहम मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बंगलुरू ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत को केवल रणनीति और प्रदर्शन का नतीजा नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे अयोध्या की हनुमानगढ़ी में विराजमान हनुमंत लला के आशीर्वाद और उत्तराधिकारी महंत संजय दास की सटीक भविष्यवाणी का चमत्कार माना जा रहा है। दरअसल, विराट कोहली हाल ही में अयोध्या आए थे। यहां उन्होंने हनुमानगढ़ी में हनुमान जी के दर्शन किए थे। दर्शन के बाद हनुमानगढ़ी की सागरिया पट्टी के उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि “विराट कोहली के साथ हनुमान जी का आशीर्वाद है, और वह निश्चित ही टीम को जीत दिलाएंगे।” इसी कड़ी में आरसीबी ने खेल के अंतिम क्षणों में जोरदार वापसी करते हुए मैच को अपने पक्ष में कर लिया। मैच का रुख जिस तरह से बदला, उसने न केवल दर्शकों को चौंकाया, बल्कि उत्तराधिकारी महंत संजय दास की भविष्यवाणी को भी सच साबित कर दिया। उत्तराधिकारी महंत संजय दास ने कहा कि “जब आस्था सच्ची हो और इरादे मजबूत, तब प्रभु श्री हनुमान की कृपा अवश्य मिलती है। विराट कोहली ने खुद को भक्ति से जोड़ा है और हनुमान जी ने उन्हें विजय का वरदान दिया है।” अयोध्या के धार्मिक गलियारों से लेकर खेल जगत तक इस घटना की चर्चा तेज़ हो गई है। लोग इसे श्रद्धा और संकल्प की जीत के रूप में देख रहे हैं। यह भी उम्मीद है कि जब विराट कोहली ने जीत हासिल की तो वह जरूर फिर से हनुमानगढ़ी के दर्शन के लिए आएंगे |