रामनगरी अयोध्या में बुधवार को पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे। यहां उन्होंने रामनवमी को लेकर बयान दिया है। कहा कि अयोध्या के लिए चैत्र रामनवमी महत्वपूर्ण पर्व है। यह लाखों वर्षों की परंपरा है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामनगरी आते हैं। पिछले वर्ष कुछ ऐसा माहौल बनाया गया था कि लोग ना आएं। इसकी वजह से श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आई थी। उन्होंने व्यवस्था में लगे लोगों से अपील की है कि इस वर्ष ऐसा कुछ माहौल ना बन पाए, जिससे कम श्रद्धालु रामनगरी आएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संभल में खुदाई को लेकर दिए बयान पर बृजभूषण शरण सिंह बचते नजर आए। मोदी सरकार द्वारा ईद के मौके पर मुस्लिमों को किट वितरित करने पर कहा कि प्रधानमंत्री को पता है कि आज के मुस्लिम पुराने हिंदू हैं। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने जो फैसला लिया है वह सोच समझकर लिया होगा। हम मोदी सरकार के फैसले का स्वागत करते हैं। मौलाना कौसर हयात के बयान पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि ऐसे बयानों पर प्रतिबंध लगना चाहिए। ऐसे लोगों को सरकार सुरक्षा ना दे।