कचनाव गांव के पूरे रिसाल मजरे में मंगलवार सुबह खड़ी फसल जोतने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी के बाद लाठी-डंडे चल गए। विवाद में दोनों ओर से कुल 11 लोग घायल हुए, जिनमें से दो को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, पूरे रिसाल निवासी रामदुबेर और भाले सुल्तान शहीद स्मारक के थोरी गांव निवासी रमेश के बीच खेत की भूमि को लेकर पूर्व से विवाद है। कुछ दिन पहले राजस्व विभाग की टीम ने विवादित जमीन का सीमांकन कराया था, जिसके बाद रामदुबेर ने उसमें धान की रोपाई की थी। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे रमेश के पक्ष के लोग खेत पर पहुंचे और खड़ी फसल की जोताई शुरू कर दी। सूचना पर रामदुबेर पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध करने लगे। इसी दौरान विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई। घटना में रामदुबेर पक्ष के रामधनी, दान बहादुर, रामवती, बाबादेई, आदित्य, रामा व बाबा दीन घायल हुए। वहीं, रमेश पक्ष के रमेश कुमार, गया प्रसाद, प्रेमा देवी, जितेंद्र कुमार और राहुल को भी चोटें आईं। सभी को सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया गया, जहां से रामधनी और रामा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर छह और पांच नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।