अमेठी जिला मुख्यालय गौरीगंज तहसील सभागार में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में डीएम, सीडीओ, उप कृषि निदेशक जिला कृषि अधिकारी पुलिस और अन्य विभागों के कई जिम्मेदार अफसरों के नहीं पहुंचने से किसान नाराज हो उठे। किसान दिवस में पहुंचे किसान ने कहा कि जिम्मेदार अफसर नहीं आया था। किसान नेता रीता सिंह ने पूर्ति विभाग से संबंधित समस्याएं रखीं। किसान राकेश मिश्र ने जिले में बदहाल आपूर्ति, विद्युत बिल आदि की समस्याएं उठाईं। इसके साथ ही उन्होंने खाद की कालाबाजारी की शिकायत होने पर भी कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग रखी। वहीं, किसान रणविजय सिंह ने निराश्रित गोवंशों के संरक्षण सहित पशुपालन एवं मत्स्य विभाग आदमी संचालित योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। मौजूद जिला विकास अधिकारी वीरभानु सहित अन्य अफसरों ने किसानों की समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान क्षेत्र के तमाम किसान मौजूद रहे।