हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को सीआरपीएफ के जवानों और अधिकारियों ने 51 किलोमीटर लंबी तिरंगा बाइक रैली निकाली। रैली का नेतृत्व सीआरपीएफ के डीआईजी मदन कुमार ने किया। त्रिसुंडी स्थित सीआरपीएफ कैंप से हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई यह रैली जनपद के विभिन्न मार्गों से गुजरी। डीआईजी मदन कुमार सेना की वर्दी में बाइक पर सवार होकर रैली की अगुवाई कर रहे थे। उनके साथ सैकड़ों जवान तिरंगा लहराते हुए चल रहे थे। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने रैली का स्वागत किया और भारत माता के जयकारे लगाए। रैली के दौरान सीआरपीएफ जवानों ने नागरिकों से राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संदेश दिया। 51 किलोमीटर की यह रैली त्रिसुंडी से शुरू होकर नगर क्षेत्रों और ग्रामीण मार्गों से होती हुई वापस कैंप पर समाप्त हुई। अभियान का मकसद जन-जन में देशभक्ति की भावना जागृत करना और 15 अगस्त से पहले हर घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना रहा। सीआरपीएफ अधिकारियों का कहना था कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस रैली के जरिए युवाओं में देश प्रेम का जज़्बा और मजबूत होगा।