अमेठी जिले के मड़वा गांव निवासी रंजीत (32) की मौत जगदीशपुर-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरे प्रेम गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से हो गई। हादसे में बाइक ट्रेलर में फंस गई और काफी दूरी तक घिसटती चली गई। इस दौरान रगड़ से बाइक में आग लग गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। आसपास धुआं फैल गया और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। जानकारी के अनुसार, रंजीत पुत्र राधेश्याम निवासी पूरे जालिम, मल्लाह का पुरवा, मजरे मड़वा, अयोध्या की ओर जा रहा था। पूरे प्रेम गांव के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। भाले सुल्तान शहीद स्मारक के थाना प्रभारी तनुज पाल ने बताया कि ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।